तालाब बना मुख्य मार्ग, चलना हुआ दुश्वार
बिजनौर/अफजलगढ़। जिले की बदहाल सड़कों पर चलना दुश्वार हो गया है। बरसात में कई सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। इन रास्तों पर दुपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों की बार-बार शिकायतों के बाद भी अधिकारी इन मार्गों की सुध लेने को तैयार नहीं हैं। शहर में दिल्ली-पौड़ी हाईवे और अफजलगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 74 का बुरा हाल है।
शहर में आने वाले हैवी ट्रैफिक को शहर के बाहर-बाहर निकालने के लिए रिंग रोड बनी है। लेकिन रिंग रोड अपनी बदहाली पर सालों से आंसू बहा रही है। रिंग रोड पर गहरे और चौड़े गड्ढे हैं। पिछले साल ट्रांसपोर्टरों ने रिंग रोड से गन्ना ढुलाई करने से हाथ खड़े कर दिए थे। तब बिजनौर मिल के अफसरों ने ही सड़क में ईंट आदि भरकर इसकी मरम्मत कराई थी। लेकिन अब स्थिति फिर से वही हो गई है। अफसरों ने अब तक इस मार्ग की सुध नहीं ली है। दिल्ली पौड़ी नेशनल हाईवे पर भी कई जगह सड़क में गड्ढ़े हो गए हैं। लोगों का इस हाईवे पर चलना मुश्किल हो गया है।
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग 74 अफजलगढ़-जसपुर मार्ग पर गांव उधोवाला के बीच मार्ग की हालत बेहद खराब है। बरसात के कारण यह तालाब में तब्दील हो गया है। जिसके कारण वाहनों तथा राहगीरों को आवागमन में भारी समस्या से जूझना पड़ रहा है। प्रेमराज सिंह, विजयपाल सिंह, संजीव, गिरवर सिंह, जितेंद्र सिंह भारत सिंह, रघुनाथ सिंह, राजेंद्र सिंह, दिनेश कुमार, खूब सिंह आदि का कहना है कि अफजलगढ़-जसपुर मार्ग स्थित गांव उधोवाला में सड़क पूरी तरह से खस्ताहाल हो गई है। तीन दिन पूर्व हुई वर्षा से सड़क पर एक फीट से भी अधिक पानी भर गया है। इन गड्ढों में गिरकर दुपहिया वाहन चालक घायल हो रहे हैं। साइलेंसर में पानी भर जाने के कारण कार तक भी पानी में ही रुक जाती हैं। नया राष्ट्रीय राजमार्ग गांव के बाहर निर्माणाधीन है। फिलहाल इसी मार्ग से लोगों का आवागमन हो रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से खस्ताहाल मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। वहीं, सहायक अभियंता राजीव गौतम ने बताया कि यह मार्ग उनके हैंड ओवर नहीं हुआ है। मार्ग हैंडओवर होने के बाद मरम्मत कराई जाएगी।
अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव उधोवाला स्थित खस्ताहाल राष्ट्रीय राजमार्ग गड्ढों में भरे पानी से गुजरत?- फोटो : BIJNOR