धामपुर। विधायक अशोक राणा ने जल शक्ति एवं संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष इकड़ा नदी को अतिक्रमण से मुक्त कर मानक अनुरूप सफाई करने और कोटरा रजबहे में तुरंत पानी छोड़ने के मामले को उठाया। कहा कि कोटरा रजबहा पूरी तरह से अवरोध मुक्त हो चुका है। लेकिन सिंचाई विभाग ने अभी तक पानी नहीं छोड़ा है।
प्रदेश के जल शक्ति एवं संसाधन मंत्री शुक्रवार को कुछ देर के लिए धामपुर में ठहरे थे। इस दौरान धामपुर विधायक अशोक राणा ने जल शक्ति संसाधन मंत्री से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान कराने के लिए से वार्ता की। बताया कि मुरादाबाद सिंचाई विभाग द्वारा इकड़ा नदी की सफाई शुगर मिल से शुरू की गई है, जो कि गलत है। यह नदी देहात क्षेत्र से निकलती हुई 100 किमी दूर कडूला नदी में जाकर गिरती है यह नदी पहाड़ों से उतरकर हरेवली से होती हुई सर्पाकार में गंतव्य की ओर बहती है लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारी नदी को अतिक्रमण एवं अवैध कब्जों से मुक्त कर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने में रुचि नहीं ले रहे है। पिछले कई दशकों से नदी की सफाई न होने के कारण धामपुर बाढ़ की चपेट में आने से टापू बन जाता है।
उन्होंने इकड़ा नदी के अलावा नहर निर्माण खंड छह नजीबाबाद की ओर से तैयार कोटरा रजबहे में पानी छुड़वाने की मांग की है ताकि किसानों को इसका लाभ मिल सके। मंत्री ने इस मामले को भी प्रमुख सचिव अनिल गर्ग को प्रमुखता के साथ समाधान कराए जाने के निर्देश दिए।