बिजनौर। अब जिले के हाई वे रोशनी से जगमगाएंगे। इसके लिए करीब 40 लाख की लागत से हाईमास्ट लाइट योजना तैयार की गई है। जिले का पहला हाईमास्ट रिफरल सिस्टम पुलिस चौकी चौराहा बेगावाला में लगेगा। इससे पुलिस को अपराधों के नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
नेडा के परियोजना निदेशक आरके पांडेय के अनुसार शासन ने हाइवे चौराहों पर हाईमास्ट लाइट लगाने का निर्णय लिया है। प्रथम चरण में जिले के 38 चौराहों को चिन्हित करने का काम शुरू हो गया है। थाना या पुलिस चौकी वाले चौराहों को सिस्टम लगाने में प्राथमिकता दी जाएगी।
पहला हाईमास्ट रिफरल सिस्टम माडल के रूप में खादर क्षेत्र के गांव बेगावाला स्थित पुलिस चौकी चौराहे पर लगेगा। एक सिस्टम पर करीब सवा लाख रुपये का खर्च आएगा। इसमें चार लाइट वाला लाइट सैट तथा 100 एम्पीयर की चार बैटरी होगी। प्रत्येक लाइट 18 वाट की है। इसमें 110 वाट के चार सोलर पैनल लगाए जाएंगे। पूरा सिस्टम सोलर ऊर्जा आधारित है। योजना पर अगले माह काम शुरू हो जाएगा। उधर नेडा परियोजना निदेशक के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2014-2015 के लोहिया आवासों में सोलर लाइट लगने का काम शुरू हो गया है।
अपराध रोकने में मिलेगी मदद
बिजनौर। जिले के हाइवे चौराहों पर सोलर हाईमास्ट लाइट सिस्टम अपराधों को रोकने में भी मदद करेगा। बिजली न रहने पर भी यह सिस्टम चौराहे को रोशनी से चकमक रखेगा। अंधेरे का लाभ उठाकर भाग जाने वाले बदमाशों को दबोचने में पुलिस को इसका लाभ मिलेगा।
सुरक्षित होगा सिस्टम
बिजनौर। हाईमास्ट लाइट सिस्टम सात मीटर ऊंचाई पर लगेगा। इससे जहां रोशनी का विस्तार क्षेत्र अधिक होगी वही पूरा सिस्टम सुरक्षित रहेगा।