बिजनौर। भाजपा के पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह पर हमला करने के आरोप में तालिब और उसके भाई जेल में बंद हैं। इस प्रकरण को लेकर जिले की राजनीति भी गर्मा गई है।
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने तालिब प्रकरण पर सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार के लोग अन्याय करना चाह रहे हैं। हम बिजनौर सहित कहीं भी अन्याय नहीं होने देंगे। नगीना सांसद चंद्रशेखर के प्रतिनिधि और जिला पंचायत सदस्य विवेक सेन ने कहा कि भाजपा नेता जिले का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं सपा नेता अनुज मलिक ने प्रेस वार्ता करके सत्ता पर माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप लगाया। कहा कि बिजनौर की सदियों पुरानी अमन-चैन और भाईचारे की परंपरा को किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाएगा। एक सामान्य विवाद को राजनीतिक रंग देकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश कर रहे हैं।
साहनपुर किले में पहुंचे पंजाब और उत्तराखंड के नेता : शुक्रवार को सांसद भारतेंद्र सिंह का हाल चाल जानने के लिए साहनपुर किले में पंजाब और उत्तराखंड के भी तमाम भाजपा नेता पहुंचे। उधर सूत्रों का दावा है कि जिले के तीन भाजपा विधायकों ने भारतेंद्र सिंह को फोन कर चर्चा की है। माना जा रहा है कि वह जल्द ही सीएम योगी भी मुलाकात कर सकते हैं।