आचार संहिता के उल्लंघन पर नपेंगे थाना प्रभारी
धामपुर। एसपी पूर्वी ओमवीर सिंह ने सर्किल के थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि चुनाव आचार संहिता का पूरी तरह से पालन कराएं। कहीं पर किसी भी राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टर नजर नहीं आने चाहिए। क्षेत्र में कहीं भी सरकारी संपत्ति, भवन, बिजली के खंभों आदि पर पोस्टर या नारे लिखे न पाए जाएं।
एसपी पूर्वी ने थाना प्रभारियों की मीटिंग के बाद रविवार को पत्रकारों से वार्ता में कहा कि अपराधों को नियंत्रित करने और विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी दशा में अवैध और अपमिश्रित शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं ऐसा होता पाया गया तो थानाध्यक्ष जिम्मेदार होंगे। 15 जनवरी तक किसी भी दल का संभावित प्रत्याशी या समर्थक प्रचार-प्रसार या अपने समर्थन में रैलियों का आयोजन नहीं कर सकेगा। सोशल मीडिया पर पैनी रखी जा रही है। यदि कोई भी जाति, धर्म व उन्नाद को फैलाने का प्रयास करेगा तो कार्रवाई होगी। इसके बाद उन्होंने पुरानी तहसील में स्थित बालिका इंटर में बने अस्थाई कार्यालय का निरीक्षण किया। इस मौके पर सीओ अजय कुमार अग्रवाल, सीओ अफजलगढ़ सुनीता दाहिया, कोतवाल धामपुर पीके सिंह, मनोज कुमार, मनोज परमार, आशीष तोमर आदि रहे।