बिजनौर में बुल्ला के चौराहे पर लगा लंबा जाम।
- फोटो : BIJNOR
बाज नहीं आ रहे बेवजह घर से निकलने वाले
बिजनौर। कोरोना काल में भी लोग बेवजह घरों से निकलने से बाज नहीं आ रहे। सोमवार को नगर की सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। कोरोना के खतरे को दरकिनार कर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई र्गइं। सड़कों और चौराहों पर जाम लग गया। बुल्ला के चौराहे पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
लॉकडाउन समाप्त होते ही लोग जैसे कोरोना महामारी के खौफ से बेफिक्र से हो गए हैं। इन्हें अपने और अपने परिवार के सदस्यों की जान को खतरे में डालने में भी कोई गुरेज नहीं है। कोविड-19 के संक्रमण से बेखौफ होकर लोग भारी संख्या में नगर की सड़कों एवं बाजार में निकल रहे हैं। किसी को भी सोशल डिस्टेंसिंग का जरा भी ध्यान नहीं है। अधिकांश बिना मास्क लगाए ही पैदल और वाहनों से सड़कों पर दिखाई दिए। सोमवार को बिजनौर की सड़कों और बाजारों में अपेक्षाकृत लोगों की अधिक तादात रही। भारी भीड़ के चलते संक्रमण फैलने का खतरा भी दिन पर दिन बढ़ रहा है। वाहनों की भारी तादात के चलते नगर के मुख्य चौराहों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। दोपहर भीड़ के कारण बुुल्ला के चौराहे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी समय तक लोग जाम में फंसे रहे। तेज धूप में लोगों के शरीर व कपड़े पसीने में पूरी तरह से भीग चुके थे।