मुबारकपुर के पंकज का था अधजला शव
स्योहारा। गांव मुबारकपुर गढ़ी में सोमवार की शाम मिले अधजले युवक के शव की शनाख्त हो गई है। शव गांव के ही हरपाल सैनी के 25 वर्षीय पुत्र पंकज सैनी का निकला। पंकज की हत्या कर पहचान छिपाने के लिए उसे जलाया गया था।
परिजनों के अनुसार चार भाइयों मे पंकज सैनी सबसे छोटा और अविवाहित था। पंकज का शादी कराने को लेकर परिवार से अक्सर विवाद रहता था। पुलिस ने घटना के बाद से मृतक के पिता हरपाल सैनी और भाई अशोक कुमार सैनी को हिरासत में ले रखा है। परिजन पहले शव की शनाख्त करने से भी बच रहे थे। जबकि जलने के बाद भी चेहरा काफी हद तक पहचानने लायक था। शव मिलने के कुछ घंटों बाद ही हरपाल सैनी ने अपने पच्चीस वर्षीय पुत्र पंकज सैनी के दो दिन से लापता होने की तहरीर पुलिस को दी थी। सवाल उठता है कि जब पुलिस गांव में शनाख्त कराने का प्रयास कर रही थी, तब हरपाल व परिजनों शव को पहचान से इंकार क्यों कर दिया था। पुलिस ने भी अज्ञात में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। थानाध्यक्ष आशीष तोमर का कहना है कि शीध्र ही मामले का खुलासा कर हत्यारों को जेल भेजा जाएगा।