शासन ने मांगे पंचायतों के जातिवार आंकड़े
बिजनौर। पंचायत चुनावों की तैयारी में तेजी आ गई है। प्रशासन पंचायतों के आरक्षण की व्यवस्था बनाने में जुट गया है। इसी क्रम में पंचायतराज विभाग ने ग्राम पंचायत व ब्लॉक की जातिवार आबादी के आंकड़ों की फीडिंग शुरू कर दी है।
पंचायत चुनाव के लिए जिले में बिजनौर नगरपालिका में शामिल किए गए 12 ग्राम पंचायतों की परिसीमन का काम चल रहा है। परिसीमन का काम अंतिम चरण में हैं। पालिका में हल्दौर तथा मौहम्मदपुर देवमल की पंचायत शामिल हुई हैं। पंचायतों के परिसीमन के बाद आरक्षण का काम होना है। शासन ने जिलों से ग्राम पंचायत व ब्लॉक वार अनुसूचित जाति, अति पिछड़ा वर्ग अर्थात ओबीसी तथा सामान्य जाति की आबादी के आंकड़े तलब किए हैं। पंचायतराज विभाग के कर्मचारियों आंकड़े इकट्ठा करने में लगे हैं। जिला पंचायतराज दफ्तर के अनुसार ग्राम पंचायत, ब्लाक वार फीडिंग शुरू हो गई है। इससे गांव तथा ब्लाकवार जातिवार आबादी का पता चल सकेगा। इसी को आधार मानकर पंचायतों के आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी।