अगले सीजन में 260 लाख क्विंटल पेराई पर होगा फोकस : एमआर खान
धामपुर। धामपुर चीनी मिल का गन्ना पेराई सत्र संपन्न हो जाने के बाद अब चीनी मिल के अधिकारियों ने आगामी गन्ना सीजन के दृष्टिगत मिल की मशीनों की मरम्मत शुरू कर दिया है। यूनिट हेड एमआर खान का कहना है कि आगामी सीजन में 24 घंटे में चीनी मिल 130 से 135 हजार क्विंटल तक गन्ने की पेराई करें, इस पर फोकस किया जाएगा। जिससे आने सीजन में 260 लाख क्विंटल से अधिक गन्ने की पेराई कर सकें।
चीनी मिल के यूनिट हेड एमआर खान ने बृहस्पतिवार को वार्ता के दौरान कहा कि कई दशक से चीनी मिल पेराई के क्षेत्र में रिकार्ड मंजिल की ओर बढ़ रही है। पिछले साल चीनी मिल ने 239 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर देश में पहला स्थान पाया था। इस बार भी धामपुर चीनी मिल ने अपने रिकार्ड को तोड़ 244.10 लाख क्विंटल पेराई कर लगातार दूसरी बार अव्वल रही है। अब मिल प्रबंधन का प्रयास आगामी पेराई सत्र में 260 लाख क्विंटल से अधिक से गन्ने की पेराई का रहेगा। बताया गया कि इस बार भी गन्ने की फसल अच्छी है। गन्ना क्षेत्रफल में भी तीन प्रतिशत बढ़ने की पूरी संभावना है। बीते सत्र में करीब 52 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में गन्ने की फसल थी ।
यूनिट हैड का कहना है कि मिल की ओर से जीपीएस प्रणाली से किसानों का सर्वे किया जा रहा है। अब तक 52 हजार हेक्टेयर में से करीब 20 हजार हेक्टेयर गन्ने का सर्वे का कार्य हो चुका है। सर्वे कार्य 20 जून तक करना है।इसके लिए 70 गन्ना सर्वे टीमें लगी हैं। टीमों में शामिल कर्मचारी किसानों के साथ प्लॉटों पर पहुंच जीपीएस प्रणाली से गन्ने का सर्वे कर रहे हैं । उन्होंने किसानों से अपने आधार को खाते से लिंक करने का सुझाव दिया है।