बिजनौर में बीएसए कार्यालय पर शिक्षकों के धरने को सम्बोधित करते सीडीओ डा.इंद्रमणि त्रिपाठी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में बीएसए के खिलाफ शिक्षकों का जारी आंदोलन सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की मध्यस्थता के उपरांत पटाक्षेप हो गया। बीएसए ने घटना के लिए खेद जताया।
साथ ही भविष्य में शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर काम करने की बात कही। तीन दिन तक बीएसए कार्यालय पर ताले लटके रहे। समझौते के बाद कार्यालय के ताला खोला गया तथा बीएसए कार्यालय में कामकाज शुरू हुआ। शिक्षिका के साथ अभद्रता पर शिक्षकों ने बीएसए के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। बृहस्पतिवार को भी बीएसए कार्यालय पर ताला लटका रहा। दोपहर करीब एक बजे जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार, आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय प्रभारी सौरभ चौधरी, प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रांतीय महामंत्री पुनीत चौधरी के नेतृत्व में शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी से उनके कार्यालय में मिला। सीडीओ ने कार्यालय में ही बीएसए महेश चंद्र व वित्त एवं लेखाधिकारी संजय शर्मा को बुलाकर शिक्षकों से बात की। इसके उपरांत सीडीओ के साथ बीएसए धरनास्थल पर पहुंचे। बीएसए ने कहा कि यदि उनके शब्दों से शिक्षिका को पीड़ा हुई है, तो वह खेद जताते हैं। उन्होंने शिक्षिका को अपनी बेटी के समान बताया। कहा कि वह शिक्षकों के साथ मिल कर जिले में अच्छा शिक्षण कार्य कराने के लिए कार्य करेंगे। इसके उपरांत जिलाध्यक्ष सुधीर यादव ने धरना समाप्त करने की घोषण कर दी तथा बीएसए कार्यालय पर लगा ताला खोल दिया गया। महामंत्री प्रशांत चौधरी, दुष्यंत कुमार, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, गौरव सिंह, ताजवीर सिंह सुहेल बेग आदि शिक्षक मौजूद रहे। संचालन भूपेंद्र सिंह, अहतेशाम ने संयुक्त रूप से किया।
शिक्षा का माहौल तैयार करें शिक्षक :सीडीओ
बीएसए कार्यालय पर शिक्षकों के धरने पर पहुंचे सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने शिक्षकों से कहा कि शिक्षण कार्यों के साथ उन पर कई जिम्मेदारी हैं। उन्होंने शिक्षकों व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मिलकर जिले में शिक्षा का माहौल तैयार करने के निर्देश दिए। बीएसए को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का जल्द निस्तारण करने को कहा।