बिजनौर तहसील में धरने पर एसडीएम से वार्ता करते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में किसानों के साथ प्रशासन की मासिक बैठक में किसी भी अधिकारी के न आने व किसानों को पानी तक न दिए जाने के विरोध में किसानों ने तहसील में नायब तहसीलदार कार्यालय पर ताला जड़ दिया। किसानों ने अधिकारियों पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन मिलने पर किसान शांत हुए।
सोमवार को किसानों की तहसील सभागार में अधिकारियों के साथ पंचायत थी। भाकियू प्रदेश महासचिव रामौतार सिंह समेत कई किसान नेता पंचायत में पहुंचे। लेकिन पंचायत में कोई भी अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ। किसानों ने वहां काम करने वाले कर्मचारियों से पानी की व्यवस्था करने को कहा तो भी पानी नहीं आया। इस पर आक्रोशित किसानों ने करीब एक बजे नायब तहसीलदार कार्यालय पर ताला जड़ दिया।
किसान वहीं पर धरना देकर बैठ गए। एसडीएम सत्येंद्र कुमार मौके पर आए और किसानों के बीच ही जाकर बैठ गए। एसडीएम ने बताया कि किसानों की जायज मांगों को पूरा किया जा रहा है। गंगा द्वारा खेतों में कटान से हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को मुआवजा दिलाने के बारे में प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद शांत हुए किसानों ने करीब सवा दो बजे ताला खोल दिया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह धनकड़, जय सिंह, हुकम सिंह, बाबूराम आदि रहे।