सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खिले
बिजनौर। अमर उजाला द्वारा यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। डीएम रमाकांत पांडेय ने विद्यार्थियों से कहा कि उनके जीवन में सफलता प्राप्त करने की शुरूआत हुई है। इस सफलता को विद्यार्थी अपनी आदत बना लें तो फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखना होगा। विद्यार्थी हमेशा आगे बढ़ते रहेंगे। डीएम के हाथों सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खिल गए।
कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय में इंटरमीडिएट के टॉपर सरस्वती विद्या मंदिर अफजलगढ़ के छात्र वैभव प्रताप सिंह, इंटर कॉलेज असकरीपुर की छात्रा दीपांशी राजपूत, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नूरपुर की छात्रा अनुष्का ठाकुर व विपुल कुमार तथा हाईस्कूल के डीएम विद्या मंदिर एचएसएस कोटकादर के छात्र पीयूष कुमार, इंडियन पब्लिक इंटर कॉलेज फीना के छात्र दिव्यांशु चौहान, सेंट स्टीफंस एचएसएस फैजीपुर के छात्र कपिल कुमार को सम्मानित किया गया। डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि विद्यार्थी अपनी पढ़ने की आदत को हमेशा बनाए रखें और किताबों से दोस्ती रखें। आज तक सारा ज्ञान किताबों से ही मिला है और किताबों से मिलने वाले ज्ञान का कोई विकल्प नहीं है। विद्यार्थी अपने से पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों की मदद करें। ज्ञान तो बांटने से और ज्यादा बढ़ता है। इस दौरान एसडीएम बिजनौर, विक्रमादित्य मलिक और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट परमानंद झा भी मौजूद रहे।
‘सम्मानित कर बढ़ाया हौसला’
89.60 प्रतिशत अंकों के साथ कक्षा 12 के टॉपर वैभव प्रताप सिंह ने कहा कि अमर उजाला ने सम्मानित करके उसका हौसला बढ़ाया है। वह अब पहले से ज्यादा मेहनत से पढ़ेगा। अमर उजाला ऐसे ही हमेशा विद्यार्थियों को प्रेरित करता रहे।
‘डीएम की बातें प्रेरणादायी’
88.40 प्रतिशत अंक लेकर द्वितीय रही दीपांशी राजपूत का कहना है कि डीएम सर की बातें प्रेरणादायक रहीं। कभी सोचा नहीं था कि डीएम सम्मानित करेंगे। अमर उजाला विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याएं भी उठाए।
‘उत्साह बढ़ गया’
88.40 प्रतिशत अंक लेकर द्वितीय रही अनुष्का ठाकुर का कहना है कि अमर उजाला ने मेहनत को और ज्यादा सम्मान दिलाया है। इस तरह सम्मानित होने से उत्साह बढ़ता है।
‘सम्मान भी, छात्रवृत्ति भी’
88.20 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय रहे विपुल ने कहा कि अमर उजाला परीक्षा कराकर मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी देता है और टॉपर बच्चों को सम्मानित भी कर रहा है। दोनों कार्य अनुकरणीय हैं।
‘हौसला सातवें आसमान’
कक्षा दस में 91.50 प्रतिशत अंक लेकर टॉपर रहे पीयूष का कहना है कि पहली परीक्षा के परिणाम में ही अमर उजाला ने डीएम से सम्मानित करा दिया। उसका हौसला सातवें आसमान पर है।
‘युवाओं का सच्चा साथी’
91.97 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय रहे दिव्यांशु चौहान ने कहा कि अमर उजाला ने लॉक डाउन के दौरान भी विद्यार्थियों से जुड़ी खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की हैं। अमर उजाला युवाओं का सच्चा साथी है।
‘परिजन भी गदगद’
91 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय रहे कपिल कुमार का कहना है कि उसके परिजन भी उसके अमर उजाला द्वारा सम्मानित किए जाने से गदगद हैं। परिजनों ने अमर उजाला का आभार जताया है।
छात्र दिव्यांशु चौहान।- फोटो : BIJNOR
प्रतिभा सम्मान: बिजनौर: छात्र विपुल कुमार।- फोटो : BIJNOR
प्रतिभा सम्मान: बिजनौर: छात्र पीयूष कुमार।- फोटो : BIJNOR
छात्रा अनुष्का ठाकुर।- फोटो : BIJNOR
छात्र वैभव प्रताप सिंह।- फोटो : BIJNOR