बिजनौर। जिले के राजकीय विद्यालयों की तस्वीर जल्द ही बदलने जा रही है। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ अब विद्यालयों के सुंदरीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रोजेक्ट अलंकार के तहत व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव ने बताया कि जनपद के 17 राजकीय विद्यालयों को इस योजना के अंतर्गत चयनित किया गया है, जहां भवनों का सुंदरीकरण, जीर्णोद्धार एवं आवश्यक संसाधनों का विकास कराया जाएगा। योजना के तहत विद्यालयों में आकर्षक पेंटिंग, साफ-सुथरे कक्ष, बेहतर फर्नीचर और स्वच्छ परिसर विकसित किया जाएगा। बताया कि इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत छह प्रमुख मदों में कार्य कराया जाएगा। इसमें पुस्तकालयों का सुदृढ़ीकरण भी शामिल है।
विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लाइब्रेरी को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव ने बताया कि चयनित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को योजना की विस्तृत जानकारी दी जा रही है और कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इस पहल से न केवल विद्यालयों का भौतिक स्वरूप सुधरेगा, बल्कि विद्यार्थियों की पढ़ाई के प्रति रुचि भी बढ़ेगी।