बिजनौर में गंगा बैराज के तटबंध का कटान करती गंगा और डंफर से उतारा जा रहा रेत। संवाद
बिजनौर। बैराज-रावली तटबंध पर जहां भी गंगा की धारा टकरा रही है, वहीं हिस्सा बिखर रहा है। 41 साल पहले बने इस तटबंध के अंदर से गंगा का रेत ही निकल रहा है। यह पहला मौका है इतनी दूरी में कटान हुआ।
पिछले तीन दिन से रावली गंगा तटबंध पर कटान चल रहा है। एक बड़े हिस्से में तटबंध पूरा टूट चुका है, बस नीचे ढाल की मिट्टी के सहारे पानी रुका हुआ है।
गंगा की दो धाराओं के टकराव के कारण वहां गहरे भंवर बन गए हैं। यहां पर प्रशासन की टीम जहां बल्लियां लगवा रही है, वहीं घास, पेड़, रेत के बोरे डलवाकर कटान रोकने में लगी है। 500 से ज्यादा पेड़ अब तक तटबंध बचाने को डाल दिए गए।