बिजनौर में जिले को तीन थानों की सौगात मिलने जा रही है। इसकी कवायद शुरू हो गई है। थानों के लिए प्रशासन जमीन तलाश रहा है। एक थाने के लिए तो जमीन मिल गई है। बाकी दो थानों के लिए जमीन चिह्नित करने का काम चल रहा है। जमीन मिलने के बाद थाने खुलने का काम आसान हो जाएगा।
जिले में लंबे समय से गंज, झालू और बास्टा को थाने बनाने की मांग उठती रही है। प्रशासन की ओर से कई बार शासन को इसके प्रस्ताव भी भेजे गए पर थाने नहीं बन पाए। अब फिर से प्रदेश सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को नए तीन थाने बनाने के प्रस्ताव भेजे गए। प्रस्ताव में नए थाने बनाने की जरूरत बताई गई। शासन की ओर से नए थानों के प्रस्ताव को हरी झंडी देकर प्रशासन से थानों के लिए जमीन तलाशने को कहा गया। प्रशासन थानों के लिए जमीन तलाशने में लग गया है। एक थाने के लिए एक एकड़ जमीन की जरूरत है। नए थानों के लिए बास्टा में तो जमीन मिल गई है। गंज व झालू में जमीन नहीं मिली है। गंज व झालू में थानों के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। अफसरों के मुताबिक थानों के लिए जमीन मिलते ही तीनों जगह नए थाने खुलने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। एडीएम प्रशासन राममूर्ति मिश्र की अगुवाई में टीम गंज व झालू में थानों के लिए जमीन ढूंढने में लगी है। झालू में चल रही चकबंदी की अभी प्रक्रिया बंद नहीं हुई है। चकबंदी के अफसरों को थाने के लिए जमीन निकालने की जिम्मेदारी दी जा रही है। गंज में भी जमीन ढूंढने का काम चल रहा है।
एसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक गंज, झालू व बास्टा में नए थाने बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही तीनों जगह पर थाने बनेंगे। थानों के लिए जमीन तलाशने को काम चल रहा है। बास्टा में जमीन मिल गई है। बाकी दो जगह के लिए जमीन नही मिली हैं।