हल्दौर में जंगल में काम कर रहे किसान की नलकूप पर करंट लगने से मौत हो गई। हादसे की सूचना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने किसान का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम लिये भिजवाया।
गांव फरीदपुर सदीरन निवासी किसान सुरेंद्र सिंह (50) रविवार की सुबह अपने खेत पर गेहूं की फसल में पानी देने गया था। सुरेंद्र सिंह के भतीजे दीपक कुमार ने बताया कि वह अपने चाचा को दोपहर में खाने देने खेत पर गया। उसने देखा की चाचा पानी की हौज के पास मृत पड़े हुए थे। भतीजे के अनुसार उनके हाथों व पेट पर करंट से झुलसने के निशान मिले हैं। ग्रामवासियों के अनुसार किसान की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। नलकूप पर बिजली का तार जगह-जगह से टूटा पड़ा था। दीपक ने मामले की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सुरेंद्र की पत्नी अपने पुत्र के पास राजस्थान गई हुई थी। सुरेंद्र का पुत्र राजस्थान में नौकरी करता है। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामवासियों की भीड़ खेत पर जमा हो गई।शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।