जिले में दो चीनी मिलों का पेराई सत्र समाप्त
बिजनौर। जिले की दो चीनी मिलें आवंटित अपने क्षेत्र का समस्त गन्ने की पेराई कर शुक्रवार रात में बंद हो गईं। इसके अलावा जिले की सात चीनी मिलें पेराई कर रही हैं। जनपद में गन्ना पेराई के लिए नौ चीनी मिलें संचालित हैं। इस बार सर्दियों के दिनों में बार बार मौसम खराब होने से गन्ना सीजन लेट हुआ है। मई माह आरंभ हो गया और अभी काफी क्षेत्र में किसानों की गन्ना खेतों में खड़ा है।
मौसम गर्म होने से जहां गन्ने की छिलाई करने में किसानों के पसीने छूट रहे हैं, वहीं देरी से गन्ना कटाई होने से अगले सीजन में उत्पादन पर असर पड़ता है। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि जनपद की बिलाई मिल एवं बिजनौर शुगर मिल वर्तमान गन्ना पेराई सत्र में अपने आवंटित क्षेत्रों के समस्त गन्ने की पेराई कर शुक्रवार रात बंद हो गई। उन्होंने बताया कि बिजनौर मिल इस सत्र में करीब 40 लाख 48 हजार क्विंटल तथा बिलाई शुगर मिल करीब एक करोड़ 35 क्विंटल गन्ने की पेराई कर चुकी है। डीसीओ ने कहा कि बाकी चीनी मिलों का संचालन जारी है। सभी मिलें अपने आवंटित क्षेत्र का समस्त गन्ने की पेराई ही अपना संचालन बंद करेंगी।