आदर्शनगर में स्थित देेशी शराब की दुकान को बंद कराने के लिए लालूवाला धनौरा क्षेत्र की महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास भी किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं की आबकारी विभाग के अधिकारियों और पुलिस से भी नोकझोंक हुई।
लालूवाला धनौरा में देशी शराब की दुकान खोलने के लिए बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सेल्समैन बेगराज पहुंचा तो क्षेत्र की महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर आबकारी निरीक्षक विरेंद्र सिंह स्टाफ के साथ पहुंचे। महिलाओं ने आबकारी निरीक्षक और उनकी टीम को जमकर आड़े हाथ लिया। इस पर पुलिस बुलानी पड़ी। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने उपनिरीक्षक देवेंद्र धामा, अनु तोमर से भी जमकर नोकझोंक की।
आबकारी निरीक्षक और पुलिस के सामने महिलाओं ने शटर पर ईंटें मारकर तोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने दो टूक कहा कि आबादी के बीच किसी भी हालत में शराब की दुकान नहीं चलने देंगी। लगभग दो घंटे चले हंगामे के बाद महिलाओं ने डीएम को संबोधित पत्र पुलिस प्रशासन को सौंपा।
इसमें मुख्य मार्ग पर शराब की दुकान के पास शराबियों के हंगामा करने, महिलाओं से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए तत्काल देशी शराब का ठेका बंद कराने की मांग की गई है। शिकायती पत्र सौंपने वाली महिलाओं में लक्ष्मी, मंजू, गोमती, सविता, सोमती, अनिता, बीना, बीरो, कुसुम, मुनेश, पूनम, रीना शामिल थीं।
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई ः एसपी ने देशी शराब के नियमानुसार चल रहे ठेके पर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं और क्षेत्रवासियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश नजीबाबाद पुलिस को दिए हैं।
ठेके के सेल्समैन बेगराज की ओर से मिथलेश, रीना, रेखा, मुनेश, मंजू, कुसुम, रोशन, अनिल, भोले सहित 60 क्षेत्रवासियों के खिलाफ ठेके पर हंगामे और तोड़फोड़ के प्रयास की तहरीर सौंपी गई है। उधर, सीओ ने भी स्पष्ट किया कि नियमानुसार चल रहे शराब के ठेकों पर किसी भी प्रकार का हंगामा और प्रदर्शन होता है तो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
28 दुकानों का ही हो रहा है विरोध
बिजनौर। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हाईवे से 500 मीटर की दूरी पर जिले में खुली 353 दुकानों में 108 दूसरी जगह शिफ्ट हो चुकी हैं। इनमें 80 दुकानें बिना किसी विरोध के शिफ्ट हो गई हैं, जबकि 28 का जोरदार विरोध चल रहा है। इन दुकानों के खिलाफ महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। बची दुकानों को शिफ्ट कराने को आबकारी विभाग कड़ी मशक्कत कर रहा है।
हाईवे किनारे खुली दुकानें हटाने के लिए हंगामा
अफजलगढ़। शराब कारोबारी और आबकारी विभाग कोर्ट के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए धर्मस्थलों, कालेजों के पास ही नहीं, बल्कि स्टेट हाईवे से सटाकर देशी व विदेशी मदिरा की दुकानें खुलेआम चलवा रहे हैं। बुधवार को भूतपुरी व बादीगढ़ की दुकानों को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ।
क्षेत्र के मदन सिंह, कृपाल सिंह, शिवराज सिंह, लाखन सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश का पालन कराने में आबकारी विभाग पूरी तरह से फेल नजर आ रहा है। शिकायत के बाद भी विभाग कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
आरोप है कि लोगों के विरोध के बाद भी आबकारी विभाग ने अफजलगढ़ में रामलीला ग्राउंड व राजकीय आदर्श इंटर कालेज से मात्र 15 से 20 मीटर दूरी पर ही देशी व विदेशी मदिरा की दुकान खुलवा दी हैं। इतना ही नहीं, स्टेट हाईवे से यह दुकानें सटी हुई हैं। इनके पास राजकीय कन्या इंटर कालेज भी है। उधर, आबकारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह का कहना है कि मानक के विपरीत कहीं पर भी दुकान को नहीं खोलने दिया जाएगा।
घर-घर शराब बेच रहे सेल्समैन को घेरा
हल्दौर। बंद पड़ी शराब की दुकान के सेल्समैन को गांव में अवैध रूप से शराब बेचते महिलाओं ने घेर लिया और जमकर हंगामा किया। इसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
गांव नवादा तुल्ला में बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे मार्ग पर स्थित देशी-विदेशी शराब की दुकानें निर्धारित सीमा क्षेत्र में जगह न मिलने के कारण शिफ्ट नहीं हो सकी हैं। पूर्व प्रधान वती, सुमिता देवी, फुलवती, अनिता, संतोष, सुधा आदि महिलाओं के अनुसार, कई दिन से दोनों दुकानों के सेल्समैन थैलों में शराब भरकर अवैध रूप से गांव में घर-घर जाकर बेच रहे हैं।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे महिलाओं ने गांव में शराब बेच रहे सेल्समैनों को पकड़ लिया। महिलाओं ने सेल्समैनों का घेराव कर जमकर हंगामा किया। इधर, महिलाओं का गुस्सा देख सेल्समैन जंगल की ओर भाग गए। महिलाओं ने हाईवे पर जाम लगा दिया और सड़क पर बैठ गईं।
महिलाओं का कहना था कि वे गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री नहीं होने देंगी। सूचना पाकर पहुंचे एसआई राम सिंह ने महिलाओं को शराब की बिक्री न करने देने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।