धामपुर सीएचसी में गमजदा मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एक डीसीएम की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित होकर डीसीएम पेड़ से टकरा गई, जिसमें चालक-हेल्पर सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायल चालक को मेरठ रेफर कर दिया गया।
हल्दौर निवासी डीसीएम चालक कुंदन सिंह सुबह के समय धामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नींदडू से मुर्गे लेकर आ रहा था। डीसीएम में हेल्पर नहटौर निवासी पृथ्वी पुत्र ओमी और गाड़ी मालिक सईद अहमद का पुत्र सिकंदर भी सवार थे। नहटौर-धामपुर मार्ग स्थित ग्राम कश्मीरी के पेट्रोल पंप के निकट गांव निवासी साइकिल सवार धर्म सिंह (55) उसकी चपेट में आ ंगया।
डीसीएम धर्म सिंह को कुचलते हुए अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। धर्म सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वह नहटौर में दूध देने के लिए आ रहा था। डीसीएम में भरे कई मुर्गे मर गए जबकि गाड़ी सवार तीनों लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चालक कुंदन की हालत गंभीर देखते हुए परिजन उसे मेरठ ले गए।