बिजनौर में प्रदर्शनी चौक पर अतिक्रमण हटाती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के दौरान काफी हंगामा हुआ। पालिका की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने ईओ जेके आनंद से धक्का मुक्की की। पालिका कर्मचारियों और पुलिस ने स्थिति संभाली। पालिका के अधिशासी अधिकारी की ओर से एक व्यापारी पर सरकारी काम में बाधा डालने और अभद्रता करने पर पुलिस को तहरीर दी है।
नायब तहसीलदार करम सिंह के नेतृत्व में टीम दोपहर करीब 12 बजे प्रदर्शनी मैदान के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची। वहां पर अरुण वर्मा सहित कुछ अन्य व्यापारी कार्रवाई में पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। गुस्साए व्यापारी टीम के सामने अड़ गए और अतिक्रमण हटाओ अभियान न चलने देने की बात कहने लगे। इस पर उनकी पालिका के अधिशासी अधिकारी जेके आनंद से धक्का मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई।
व्यापारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने से पहले व्यापारियों को कोई सूचना नहीं दी गई। ईओ जेके आनंद ने बताया कि पालिका द्वारा रिक्शा से अनाउंस कराकर अभियान के बारे में जानकारी दी गई थी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पालिका टीम और पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। इसके बाद जजी रोड पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया।
उधर, ईओ जेके आनंद के मुताबिक व्यापारी अरुण वर्मा ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अभद्रता की है। उनके खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
अतिक्रमण में ढक गई महापुरुषों की प्रतिमाएं
नगीना में नगीना के मुख्य मार्ग पर स्थित दोनों महापुरुषों की प्रतिमाएं अतिक्रमण की चपेट में हैं। मुंसफी गेट के पास बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा है यहां सुंदर पार्क भी है। इस पार्क कि किनारे किनारे तीन दर्जन से अधिक गन्ने का रस और फलों का जूस तथा फुटकर विक्रेताओं के ठेले सुबह से शाम तक लगे रहते हैं। वहीं दूसरी और एसडीएम और एसआईसी के तिराहे पर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के आसपास भारी अतिक्रमण है। मूर्ति के आस-पास दर्जनों के हिसाब से ठेले खड़े रहते हैं। यहां पर प्राईवेट कार स्टैंड भी बन चुका है। जहां सुबह से शाम तक कारें खड़ी रहती हैं। एक दर्जन से अधिक लस्सी वालों व अन्य सामान बेचने वालों के ठेलों के खड़े रहने से नगर की ओर आने जाने वाला यातायात प्रभावित होता है। इस संबंध में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बाबू डूंगर सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास से अतिक्रमण हटाने और गांधी मूर्ति पर छत्र लगवाने की नगरपालिका प्रशासन से मांग की ।