बिजनौर में प्रधानमंत्री का पुतला फूंक रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीनती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में 500 और 1000 का नोट बंद होने के विरोध में कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले के ऊपर नकली नोट डालकर आग लगाई। पुलिस ने प्रधानमंत्री का पुतला छीना तो कांग्रेसियों व पुलिस में छीनाझपटी हो गई। पुलिस ने कांग्रेसियों से पुतला छीनकर आग बुझाई और अपने साथ ले गई।
बुधवार दोपहर जिला महासचिव मुनीश त्यागी, शहर अध्यक्ष मीनू गोयल, हुमायूं बेग सहित अनेक कांग्रेसी पार्टी कार्यालय से प्रधानमंत्री का पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए पोस्ट ऑफिस आने लगे। चौराहे पर पुलिस खड़ी देखकर कांग्रेसियों ने पहले ही पुतले के ऊपर नकली नोट डालकर उसमें आग लगा दी। पुतले में आग लगी देखकर पुलिस ने तुरंत पुतला छीनने की कोशिश की। इससे कांग्रेसियों व पुलिस में छीनाझपटी हो गई। हालांकि पुलिस ने कांग्रेसियों से पुतला छीनकर आग बुझा दी और पुतला अपने साथ ले गए। कांग्रेसी नारेबाजी कर अपने कार्यालय की ओर लौट गए। इस दौरान गुलशन कुमार, अब्दुल समद, आजाद, नजाकत अलवी, हीरा देवी, ज्ञानवती तोमर, रजत दीक्षित, मोनू आदि मौजूद रहे।
शेरकोट में एक हजार व पांच सौ के नोट बंद होने पर खफा शेरकोट के मुस्लिम समाज के लोगों ने जुलूस निकाल कर पीएम का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने इसे तुगलकी फरमान बताया। बुधवार सवेरे मुस्लिम समाज के लोग एसबीआई के सामने एकत्र हुए। यहां से उन्होंने नगर में जुलूस निकाला। अली मसजिद चौक पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों ने पीएम मोदी का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व पालिका अध्यक्ष पद के दावेदार राशिद हुसैन कर रहे थे। राशिद अहमद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पांच सौ और हजार के नोट को अचानक बंद करना तुगलकी फरमान है । उन्होंने तंज कसते हुए कि पीएम ने कहा था वह विदेशों से कालाधन वापस लाएंगे, लेकिन जब वह इसमें नाकामयाब हुए तो उन्होंने इन नोटों को बंद कर देश के लोगों को ही परेशान करना शुरू कर दिया है। इस मौके पर रिजवान, सुल्तान, सलमान, अकबर, शारिक आदि रहे। उधर, एसओ का कहना है कि पीएम मोदी के पुतला फुंकने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वे पता कर पुतला फुंकने वालों पर कार्रवाई करेंगे।