बिजनौर के नगीना में दुकान से मोबाइल चोरी के शक में एक बच्चे को पकड़ लिया गया। दुकानदार ने सजा के तौर पर बच्चे को गंजा करा दिया। बच्चे का सिर मुंडवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दुकानदार और नाई को हिरासत में लिया है।
स्टेशन रोड एमएम इंटर कॉलेज के पास एक इलेक्ट्रॉनिक की दुकान हैं। इस दुकान में बुधवार की शाम चार्जिंग पर लगे मोबाइल को चोरी करने का आरोप लगाते हुए एक बच्चे को पकड़ लिया गया। दुकानदार बच्चे को पकड़कर मोहल्ला लाल सराय में स्थित अपने भाई की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर ले गया। जहां बच्चे से पूछताछ की गई। वहीं बाल काटने के लिए नाई को भी मौके पर बुला लिया गया और बच्चे को गंजा करा दिया।
वहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बच्चा खुद को किरतपुर क्षेत्र के गांव सराय का निवासी बता रहा है। उसने कबूल किया है कि पहली बार चोरी की है। वीडियो में एक व्यक्ति बच्चे पर मोनिस के भाई आसिम का मोबाइल चोरी किए जाने का आरोप लगा रहा है।
यह भी पढ़ें: UP: रिमांड पर आतंकी मोहम्मद नदीम, पूछताछ में खोले ये खौफनाक राज, सहारनपुर लेकर आ सकती है एटीएस
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा का कहना है कि बच्चे के बाल कटवाने के आरोपी दुकानदार और नाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।