- एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डीएम को सौंपा सहमति पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन जनपद बिजनौर के पदाधिकारी सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां पदाधिकारियों ने डीएम से मुलाकात कर उन्हें 20 मई को दवा बाजार खुला रखने का लिखित सहमति पत्र सौंपा। संगठन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दवा व्यापार केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि समाजसेवा और जनजीवन से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मेडिकल स्टोरों से उपलब्ध कराई जाने वाली दवाएं गंभीर मरीजों और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों के जीवन की रक्षा करती हैं। ऐसे में दवाओं की अनुपलब्धता हजारों मरीजों के लिए संकट खड़ा कर सकती है। कहा कि किसी को भी जीवनरक्षक औषधियों की उपलब्धता में बाधा डालने का अधिकार नहीं है। जिलाधिकारी ने संगठन के इस निर्णय को जनहित में सराहनीय बताते हुए कहा कि मरीजों को दवाओं की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान जिला कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजकुमार गोयल, महामंत्री अश्विनी शर्मा, कोषाध्यक्ष सचिन शर्मा, बिजनौर नगर अध्यक्ष संजीव चौधरी, महामंत्री मनोज शर्मा, डॉ अशरफ मेहताब, राकेश रस्तोगी, अरविंद ठाकुर, विनीत चौधरी, राहुल ठाकुर, निखिल गुप्ता आदि रहे।