नगीना। इस्राइल- अमेरिका और ईरान के बीच 40 दिनों तक चली जंग के बाद 14 दिन के युद्ध विराम की घोषणा ने निराश हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों को राहत देने का काम किया है। आगे युद्ध की क्या स्थिति रहेगी, इस बारे में अभी संशय के बादल तो पूरी तरह नहीं छंटे लेकिन निर्यात उद्योग की गति अब तेज होने की उम्मीद जग गई है।
काष्ठकला नगरी के नाम से मशहूर नगीना को दुनिया भर में पहचान दिलाने वाले हैंडीक्राफ्ट कारोबारी पिछले करीब एक साल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही उथल-पुथल के चलते परेशान हो रहे हैं। काष्ठ कला निर्यात उद्योग की गति पिछले करीब एक साल से लगातार डांवाडोल हो रही है। पहले अमेरिका राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत से निर्यात होने वाली अधिकतर वस्तुओं पर लगाए गए मनमाने टैरिफ व पिछले 40 दिनों तक तीन देशों के बीच चली जंग ने विश्व विख्यात हैंडीक्राफ्ट उद्योग की कमर पूरी तरह तोड़ रखी है।
नगीना में निर्मित होने वाले हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की देश से ज्यादा विदेश में मांग है। विदेश में निर्यात होने वाले हैंडीक्राफ्ट के उत्पादों की सबसे ज्यादा मांग अमेरिका से आती है। निर्यात होने वाला हैंडीक्राफ्ट का अधिकतर माल अमेरिका में ही जाता है। इस बार के युद्ध में अमेरिका के सीधे दखल से हैंडीक्राफ्ट निर्यात पूरी तरह प्रभावित हुआ है। अब अमेरिका द्वारा तीनों देशों के बीच युद्ध विराम की गई घोषणा ने हैंडीक्राफ्ट उद्योगों से जुड़े लोगों के चेहरे पर खुशी लाने का काम किया है।
नगीना हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष इरशाद अली मुल्तानी का कहना है कि यदि पूरी तरह युद्ध विराम पर अमल होता है तो व्यापार की गति को जरूर रफ्तार मिलेगी। हैंडीक्राफ्ट कारोबारी आफताब मुल्तानी का कहना है कि यदि तीन देशों के बीच हुई जंग पूरी तरह समाप्त होती है तो इसका भविष्य में कारोबार को जरूर लाभ मिलेगा। उनका कहना है कि रास्ते में रुके हुए आर्डर गंतव्य पर पहुंच सकेंगे तथा नए ऑर्डर मिलने की संभावना हो गई है।
हैंडीक्राफ्ट कारोबारी मोहम्मद नवाज का कहना है कि युद्ध विराम की घोषणा का असर दिखाई देने में अभी समय लगेगा। उनका कहना है कि अभी युद्ध विराम पूरी तरह धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है