तीन मंजिला इमारत में आराम करेंगे तीमारदार
बिजनौर। जिला अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के ठहरने तक की व्यवस्था नहीं है। जिसके चलते अब तक उन्हें आराम के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। वो दिन दूर नहीं जब जिला अस्पताल में तीन मंजिला धर्मशाला बनेगी। यह धर्मशाला तीमारदारों के लिए बनवाई जा रही है, जिसमें मरीजों के साथ आए तीमारदार आराम कर सकेंगे।
जिला अस्पताल में तीमारादारों के लिए तीन मंजिला धर्मशाला महिला अस्पताल और पोस्टमार्टम के बीच में बनाई जाएगी। इसके बनने के बाद तीमारदारों को जिला अस्पताल में ठहरने में कोई परेशानी नहीं होगी। अभी तक तीमारदारों को अस्पताल में इधर-उधर ही भटकना पड़ता है। अस्पताल में इस समय तीमारदारों के लिए कोई रैन बसेरा नहीं है। जिला अस्पताल में बन रही तीन मंजिला धर्मशाला में तीमारदारों के ठहरने की पूरी की व्यवस्था की जाएगी। धर्मशाला में पानी की टंकी, पंखे, बाथरूम सहित अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। इसके साथ ही धर्मशाला के लिए कोई बजट नहीं मिला है, बल्कि मेडिकल कॉलेज प्रोजेक्ट के निर्माण में ही शामिल है।
जगह खाली न होने से हो रही निर्माण में देरी
अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के लिए बन रही धर्मशाला को लेकर तैयारी की जा रही है। धर्मशाला का प्रस्ताव पास हो गया है। धर्मशाला को लेकर अधिकारियों की बैठक भी हो चुकी है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस के बराबर में कई खराब एंबुलेंस खड़ी है। अभी दूसरी जगह एंबुुलेंस खड़ी करने की व्यवस्था नहीं हुई है। जिसकी वजह से निर्माण में देरी हो रही है।
तीमारदारों के लिए होंगी सब सुविधाएं : सीएमएस
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अरूण कुमार पांडेय ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण कराया जा रहा है। तीमारदारों को वो सब सुविधाएं दी जाएंगी जो एक धर्मशाला में होती हैं। एक महीने के अंदर इसका निर्माण शुरू हो जाएगा।