Bijnor News: जनपद बिजनौर और आसपास के जिलों के युवकों के पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच के दौरान कई नाम सामने आए हैं। अब तक पुलिस देश विरोधी गतिविधियों में सात लोगों को जेल भेज चुकी है।
देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी सऊदी में बैठे आकिब से जुड़ा है जबकि दूसरा आरोपी किरतपुर में गाड़ी में आग लगाने वाले ग्रुप में शामिल था। आतंकी कनेक्शन के दो अलग अलग मामलों में पुलिस अब तक सात आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
विज्ञापन
बुधवार को थाना नांगल पुलिस ने समीर उर्फ रुहान निवासी नजीबाबाद और किरतपुर पुलिस ने राजू राम गोदारा निवासी दादूडे वाला जैसलमेर को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी समीर इंस्टाग्राम पर की गई उस वीडियो कॉल में शामिल था, जिसमें सऊदी अरब में रहने वाले मेरठ के आकिब ने एके-47 और हैंड ग्रेनेड का प्रदर्शन किया था।
इस वीडियो कॉल में शामिल हुए उवैद और जलाल हैदर को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सौफतपुर के मैजुल व आकिब के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया जा चुका था। आकिब के ग्रुप में शामिल आरोपी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होकर माहौल बिगाड़ने के साथ रेल संचालन से छेड़छाड़ करने की मंशा पाले हुए थे।
उधर बुधवार को किरतपुर पुलिस ने जैसलमेर के राजू राम गोदारा को पकड़ा है, जिसकी गिरफ्तारी किरतपुर में चार मार्च को निमिष रस्तोगी की गाड़ी में धार्मिक चिह्न देखकर आग लगाने वाले मामले में हुई है।
बता दें कि अबूजर ने गाड़ी में आग लगा दी थी। पुलिस ने किरतपुर निवासी अबुजर राईन को 12 मार्च को पकड़ा, जिसने बताया कि मुंबई में रहने वाले मौसेरे भाई जैद निवासी किरतपुर के कहने पर उसने गाड़ी में आग लगाई। आग लगाने के बाद उसने जैद को उक्त फोटो और वीडियो भेज दिए। हिंदू समुदाय के लोगों की संपत्ति या गाड़ी में आग लगाने का टास्क टेलीग्राम ग्रुप पर अबूबकर ने दिया था, जिसके बदले उसे रकम देने की पेशकश भी की गई। पुलिस ने जैद के साथ आरोपी मन्नान निवासी मोहल्ला लुकमानपुरा किरतपुर को गिरफ्तार लिया था।
आरोपियों के पाकिस्तानी कनेक्शन की हो रही जांच
पुलिस की प्राथमिक जांच में पाकिस्तानी कनेक्शन की बात सामने आ चुकी है। पुलिस को दो पाकिस्तानी नंबर भी मिले हैं, जिनके जरिए अलग अलग ग्रुप को निर्देश मिल रहे थे। इन लोगों का मकसद हिंदुओं के प्रति घृणा फैलाना और उनकी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही रेल नेटवर्क को भी हानि पहुंचाना था।