बिजनौर के रेहड क्षेत्र के गांव उदयपुर में कब्रिस्तान के नजदीक नाले से होकर गुजर रहे गांव के जलनिकासी को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव व्याप्त हो गया है।
सीओ ने एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। एक समुदाय के ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस-प्रशासन एक पक्षीय बात कर रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन जब तक दोनों पक्षों की बात सुनकर जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक वह शांति से नहीं बैठेंगे।
गांव चांदपुर उदयपुर में शासन के आदेश पर 25 मार्च को कब्रिस्तान की चारदीवारी का काम शुरू किया गया था। कब्रिस्तान की दीवार से सटे नाले में गांव के जलनिकासी होती है। चारदीवारी निर्माण के दौरान गैर समुदाय ने कब्रिस्तान में गांव का पानी भरने का आरोप लगाते हुए निकासी को बंद कर दिया। इससे दूसरे समुदाय में रोष फैल गया।
एक पक्ष के लोगों ने गांव की पानी निकासी बंद करने का विरोध शुरू कर दिया। इसको लेकर दोनों समुदाय में तनाव हो गया। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों समुदाय में समझौता करा दिया था। हालांकि शनिवार को गैर समुदाय ने फिर से कब्रिस्तान के पास मिट्टी डालकर गांव के पानी की निकासी बंद कर विवाद को हवा दे दिया।
इस मामले को लेकर दूसरी बार गांव में तनाव की स्थिति हो गई है। सीओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। ग्रामीण सुमंत, संजय, धर्मवीर, रणजीत, सुशील, अशोक, अरविंद, पप्पू आदि का कहना है कि अधिकारी एक पक्षीय कार्रवाई कर रहे हैं। उधर, सीओ यशपाल सिंह ने कहा कि उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है।