दो पक्षों के विवाद में रुका पड़ा है मंदिर निर्माण
भागूवाला। गांव कामगारपुर में मंदिर निर्माण और गुरु रविदास की मूर्ति की स्थापना को लेकर दो पक्षों में विवाद है। एक पक्ष ने मामले को सुलझाने के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने समाधान दिवस में डीएम को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा।
गांव कामगारपुर निवासी राजेंद्र सिंह, प्रदीप, वीर सिंह, चंद्रपाल सिंह ने ज्ञापन में कहा कि गांव में दो पक्षों के विवाद के चलते गुरु रविदास मंदिर का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। वर्ष 1981 में गांव में रविदास मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। उस दौरान मंदिर में एक कमरे का निर्माण कराकर गुरु रविदास की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। जनवरी, 2021 में गांव के कुछ लोगों ने रविदास मंदिर का ताला तोड़कर रविदास की मूर्ति को दूसरे स्थान पर रखकर मंदिर का निर्माण शुरू करा दिया था। पुलिस इस मामले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। एक पक्ष रविदास मंदिर का निर्माण नए स्थान पर कराना चाहता है तो वहीं दूसरा पक्ष पूर्व में बनाए गए मंदिर में ही मूर्ति की स्थापना कराना चाहता है। ग्रामीणों ने आगामी गुरु रविदास जयंती से पूर्व प्रशासन से दोनों पक्षों मेें समझौता कराने की अपील की है।