तेलावाली पार्क बना नगीना की शान
नगीना। नगीना में पालिका प्रशासन द्वारा रायपुर रोड पर स्थित चक तेलावाली तालाब का सुंदरीकरण कर उसे पार्क के रूप में विकसित करने के बाद आज यह नगीना के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पालिका चेयरपर्सन के पति शेख खलीलुर्रहमान की पहल के बाद अब नगीना के बच्चे और युवा इस पार्क में लखनऊ के बुद्ध पार्क की तर्ज पर पैडल नाव चलाने का आनंद ले सकेंगे।
चेयरपर्सन के पति व तत्कालीन चेयरमैन शेख खलीलुर्रहमान व पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह की पहल के बाद पालिका प्रशासन ने नगीना में रायपुर रोड पर करीब पौने 13 बीघा जमीन पर फैले चक तेलावाली तालाब का वर्ष 2014-15 में सुंदरीकरण कर पार्क बनाने का निर्णय लिया था। नगीना के एकमात्र इस पार्क के बनने के बाद लोगों के लिए वरदान बनता जा रहा है। पूर्व चेयरमैन शेख खलीलुर रहमान बताते हैं कि तालाब को पार्क में विकसित कराने के लिए उन्हें बहुत पापड़ बेलने पड़े। इस तालाब का सुंदरीकरण नया सवेरा योजना के अंतर्गत किया गया।
सुबह-शाम लगती है भीड़
नगीना-रायपुर रोड अकबराबाद चौराहे के पास स्थित पार्क में अब हजारों की संख्या में सुबह व शाम लोग घूमने के लिए आने लगे हैं। पालिका प्रशासन की पहल के बाद पार्क में स्थित तालाब के चारों ओर लगाए गए विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधे, पानी में तैरती दर्जनों बतख व मछलियां, तालाब के चारों ओर घूमने के लिए बनाए गए मनमोहक ओवर ब्रिज, आकर्षक व रंग बिरंगी लगी लाइटें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। नगीना पार्क को देखने के लिए कई बार जनपद व बाहर के अधिकारी भी पहुंचकर इस पार्क की व्यवस्था देखकर पालिका प्रशासन की कई बार प्रशंसा की।
हरियाली को देख खुश हो जाते हैं लोग
नगीना पार्क में घूमने आने वाले लोगों के लिए जहां हरियाली की माकूल व्यवस्था की गई है वहीं लोगों के बैठने के लिए जगह-जगह पर आकर्षक बेंच भी लगा दी गई है। खाने-पीने के लिए कैंटीन की व्यवस्था भी कर दी गई है। खलीलुर रहमान बताते हैं कि काफी समय से नगीना का युवा वर्ग लखनऊ के बुद्ध पार्क में चलने वाली पैडल नाव को इस पार्क में लाने की मांग कर रहे थे जो उन्होंने उनकी मांग पूरी कर दी है। जुलाई के पहले सप्ताह में नगीना के युवा पैडल नाव चलाने का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए अति शीघ्र विभिन्न प्रकार के झूले भी लगाए जाएंगे।