सड़क हादसे में एक की मौत, 12 घायल
बिजनौर। गंगा बैराज के पुल पर सोमवार की रात दो पिकअप वाहनों की भिंड़त में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पुल पर जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
चांदपुर क्षेत्र के गांव फीना निवासी सलीम इस्तेखार, वसीम, फरदीन, नदीम, मैराज, शाकिर, फुरकान गांव मझौला गुर्जर निवासी सलमान हल्दौर थाने के गांव नसीरपुर नैन निवासी अरुण सोमवार रात करीब नौ बजे पिकअप गाड़ी से घर जा रहे थे। गंगा बैराज के गेट नंबर सात के सामने दूसरी पिकअप गाड़ी से उनकी गाड़ी की भिड़ंत हो गई। फीना निवासी सलीम समेत पिकअप में सवार बाकी लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, वहां फीना निवासी सलीम को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद छुट्टी दे दी गई।
दूसरी पिकअप गाड़ी में सवार बदायूं जिले के गांव राज बरौलिया नारायण चौराहा निवासी देवपाल, आराम सिंह भी घायल हो गए। हादसे में दोनों गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद बैराज के पुल पर वाहनों की लंबी लाइन लगने से जाम के हालात पैदा हो गए। पुलिस ने पुल से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया तब जाम खुला। सलीम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।