नगीना में तहसीलदार के कार्यालय के सामने धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : BIJNOR
तहसीलदार ने किया मिलने से इनकार, धरने पर बैठे किसान
नगीना। अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं से तहसीलदार ने मिलने से इनकार कर दिया। इससे नाराज कार्यकर्ता तहसीलदार के दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए। एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद करीब एक घंटे के बाद धरना समाप्त हो गया।
भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष बलजीत सिंह ने बताया कि उनके नेतृत्व में किसान यूनियन के करीब एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता बुधवार शाम तहसीलदार अवनीश त्यागी से उनके कार्यालय में मिलने पहुंचे। जिस समय भाकियू कार्यकर्ता तहसीलदार से मिलने पहुंचे उस समय वह अपने आवास पर थे। भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा तहसील कर्मी से उन्हें तहसीलदार से मिलाने की बात कही गई तो तहसीलदार ने व्यस्त होने का हवाला देकर सुबह मिलने की बात कही। तहसील कर्मी द्वारा भाकियू कार्यकर्ताओं को सुबह मिलने आने की बात कहते ही भाकियू कार्यकर्ता भड़क गए तथा तहसीलदार के कार्यालय के बाहर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। तहसीलदार का कहना है कि वह कोर्ट के कार्य करने में लगे थे। इसलिए उन्होंने सुबह मिलने की बात कही थी। करीब एक घंटे बाद एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के हस्तक्षेप के बाद किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।