मंडावर। बृहस्पतिवार को गोपालपुर गांव में सड़क पर भरे पानी के बीच से होकर जा रहे तहसील संविदा कर्मी अशोक कुमार (50) पुत्र शेर सिंह सड़क किनारे तालाब में गिर गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू की। दिन भर तलाश के बाद शाम को उनका शव बरामद होने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बुधवार रात भर हुई बारिश से गांव गोपालपुर का तालाब ओवरफ्लो हो गया। गांव की सड़कों पर पानी भरा हुआ था। बृहस्पतिवार की सुबह अशोक कुमार सड़क में हुए जलभराव को पार करते समय अचानक तालाब जा गिरे। देखते-देखते ही गहरे तालाब में समा गए। जब तक गांव के लोग उन्हें निकालने के लिए पहुंचे तब तक पानी में डूब चुके थे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बरसाती पानी की निकासी की सही व्यवस्था नहीं होने से सड़क किनारे स्थित तालाब और जलभराव सब एक सा नजर आ रहा है। इस कारण संविदकर्मी को तालाब का अहसास नहीं हुआ।