शेरकोट। थाना क्षेत्र के गांव तैयब सराय में उबैद (17) पुत्र नसीम ने बुधवार करीब चार बजे छत के पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर कब्जे में ले लिया। मृतक नसीम का इकलौता पुत्र था। दादा का आरोप है कि उबैद अपनी मां के दूसरी जगह निकाह करने और मकान बेचने के प्रयास को लेकर तनाव में था।
थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर कुंडा निवासी उबैद के दादा खुर्शीद ने बताया कि उनका बेटा नसीम सऊदी में नौकरी करता है। उसने कुछ समय पहले शेरकोट के गांव तैयब सराय में एक मकान खरीदा था। इसमें परिवार रहता है। नसीम सऊदी से बीच- बीच में आता-जाता रहता है। वर्तमान में वह सऊदी अरब में है। इस दौरान नसीम की पत्नी ने शेरकोट के किसी अन्य व्यक्ति के साथ निकाह कर लिया। वह अपने दो बच्चों को साथ ले गई है। तभी से उनका पुत्र उबैद तनाव में रहने लगा था।
उसका तनाव और बढ़ गया जब उसकी मां कुछ लोगों से हमसाज होकर नसीम के मकान को बेचने के प्रयास में लग गई। उबैद मकान को बेचने से मना करता था, पर वह नहीं मान रही थी। अनुमान है कि इसी के चलते उनके पौत्र उबैद ने अपने मकान में बिजली के पंखे में लटक कर आत्महत्या की है। सीओ आलोक कुमार का कहना है कि परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कराई जाएगी।