शेरकोट। ट्यूशन से घर लौट रही नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने का प्रयास दो युवकों को भारी पड़ गया। किशोरी के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद किशोरी ने दोनों की चप्पलों से जमकर धुनाई कर दी। हाथ जोड़कर माफी मांगते और भविष्य में किसी लड़की से छेड़छाड़ न करने की बात कहते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सीओ अफजलगढ़ आलोक कुमार के अनुसार गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी मंगलवार शाम ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी। आरोप है कि रामसहायवाला चुंगी के पास पहले से मौजूद अहतेशाम और जीशान निवासी रामसहायवाला बाइक से उसका पीछा करने लगे। गांव के समीप बगिया के पास दोनों ने किशोरी से छेड़छाड़ की और उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने का प्रयास किया।
किशोरी के विरोध और शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे मनोज कुमार, राजीव कुमार समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद किशोरी ने चप्पलों से दोनों की पिटाई कर दी। इस दौरान दोनों युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते और दोबारा किसी लड़की से छेड़छाड़ न करने की बात कहते नजर आए। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इसके बाद एक अन्य वीडियो भी सामने आया, जिसमें दो सिपाही एक आरोपी को पकड़कर थाने ले जाते दिखाई दे रहे हैं। आरोपी लंगड़ाते हुए चल रहा है और कैमरे के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लड़की से छेड़छाड़ करने की बात कह रहा है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।