चांदपुर। नगर क्षेत्र में शनिवार को हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की करंट लगने से मौत हो गई। किशोरी की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसा हल्दौर मार्ग स्थित जाहिद के मकान के पास हुआ, जहां से होकर हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। शनिवार दोपहर जाहिद की 14 वर्षीय पुत्री अल्फिशा छत पर खेलते समय बिजली की लाइन में फंसी पतंग निकालने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान वह अनजाने में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई और उसे तेज करंट लग गया। करंट लगते ही किशोरी बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन अल्फिशा को बिजनौर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रिहायशी क्षेत्रों से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।