बिजनौर में गन्ना खरीद केंद्रों पर घटतौली रोकने की कमान जिले के एसडीएम को सौंपी गई है। इसके लिए प्रशासन ने सात टीमें गठित की है। इसमें गन्ना तथा बाट माप विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है। छापामार टीम जांच रिपोर्ट प्रशासन को भी सौंपेगी।
प्रभारी डीएम व सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार प्रशासन गन्ना खरीद केंद्रों पर घटतौली रोकने के लिए सख्त है। इसके लिए जिले के 9 शुगर मिल क्षेत्रों को कवर करते हुए तहसीलवार सात छापामार टीम बनाई गई हैं। तहसील के एसडीएम टीम के अध्यक्ष हैं। टीम में वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना समिति सचिव तथा बाट माप विभाग का प्रतिनिधि शामिल हैं। किसानों को यदि कहीं घटतौली की शिकायत है तो वे गोपनीय तरीके से अपनी तहसील के एसडीएम को सूचना दें। डीसीओ भी अपने स्तर से निरीक्षण करेंगे। प्रशासन किसानों का शोषण कतई नहीं होने देगा।
वहीं गन्ना सेंटरों पर घटतौली रोकने की जिम्मेदारी गन्ना समिति सचिव की होती है। जिले में नौ गन्ना समिति हैं। बिजनौर,नगीना, अफजलगढ़ तथा नजीबाबाद समितियों के पास वाहन नही हैं। समिति का क्षेत्र करीब 15 किलोमीटर तक होता है। वाहन नहीं होने से छापामार अभियान गति नहीं पकड़ पाता है। किसान घटतौली की शिकायत आए दिन करते रहते हैं। प्रभारी डीएम व सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी का कहना है कि यदि किसी समिति में वाहन नहीं है तो सचिव को छापे के लिए गाड़ी किराए पर लेने का प्रावधान है। घटतौली रोकने में कोताही बरदाश्त नहीं होगी।