रेहड़। कालागढ़ आरजीपीडी से जुड़ी माइनरों की सिल्ट सफाई की जांच करने लखनऊ से अधीक्षण अभियंता पहुंचे और सिल्ट सफाई पर अधिकारियों को खास दिशा निर्देश दिए। एसई ने शाहपुर रजबहे की सफाई पर संतोष जताया। हालांकि किसानों ने लखनऊ से आए अधिकारियों के समक्ष माइनरों की देरी से सफाई का आरोप लगाया।
पुखराज सिंह, चंद्रवीर चौहान, महेश सिंह आदि किसानों का कहना था कि एक्सईएन की लापरवाही के चलते किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। इस बार एक माह देरी की सफाई हुई है। लखनऊ से पहुंचे अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार ने किसानों को शीघ्र ही फसलों के लिए पानी देने का आश्वासन दिया, साथ ही अधिकारियों को टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। माइनरों की साफ सफाई में कोताही बरतने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
एसई ने किसानों की मांग पर एक्सईएन को क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए। किसानों का आरोप है कि अधिकांश पुलिया वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी है। किसानों को गन्ना सप्लाई में भारी दिक्कत होती है। लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारी क्षतिग्रस्त पुलियों की सुध नहीं ले रहे हैं। जांच टीम में अधिशासी अभियंता नलिन वर्धन, अधिशासी अभियंता रामबाबू, सहायक अभियंता नवीन कुमार, सहायक अभियंता शशि कुमार रहे।