कुछ परीक्षा केंद्रों पर गिर सकती है गाज
बिजनौर। जिला समिति ने यूपी बोर्ड के परीक्षा केंद्रों पर मिली आपत्तियों का शुक्रवार को निस्तारण कर दिया। इसके अनुसार शासन से बने कई परीक्षा केंद्रों पर गाज गिर सकती है।
डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार फाइनल सूची अगले सप्ताह बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगी। शासन ने वर्ष 2020 की बोर्ड परीक्षा के लिए 130 परीक्षा केंद्रों का एलान किया था। परीक्षा केंद्र शासकीय मानकों के अनुरूप नहीं बनने के आरोप लगे। इस पर शासन ने 19 नवंबर तक बने परीक्षा केंद्रों पर आपत्तियां मांगी थी। डीआईओएस दफ्तर को कुल 65 आपत्तियां मिली थी। डीएम के निर्देश पर तहसीलों के एसडीएम व शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारियों से आपत्तियों की जांच कराई गई ।जिला स्तरीय समिति केंद्रों को फाइनल करती है। शुक्रवार को डीएम रमाकांत पांडेय की अध्यक्षता में जिला समिति की बैठक हुई है। डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार आपत्तियों को लेकर एसडीएम व नोडल अधिकारियों की जांच रिपोर्ट्स की बिंदुवार समीक्षा हुई है। समिति ने सभी आपत्तियों का निस्तारण कर दिया है। एक दो दिन में फाइनल सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगी। माना जा रहा है कि समीक्षा में कुछ परीक्षा केंद्र को बदला जाना तय है। समिति की छात्राओं को मानकों के अनुरूप अधिक सुविधा देना प्राथमिकता रही। ऐसे बालिका विद्यालय जो परीक्षा केंद्र बनने के सभी मानक पूरे करते हैं तथा उन्हें केंद्र नहीं बनाया गया है अब उन्हें मौका मिल सकता हैं।