- यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों की होगी कॅरियर काउंसिलिंग, राजकीय इंटर कॉलेजों में शुरू होगी व्यवस्था
- परीक्षा की तैयारी के दौरान तनावमुक्त रहने के लिए शिक्षक देंगे टिप्स
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों को अब पढ़ाई के साथ मानसिक तनाव से निपटने और भविष्य संवारने के टिप्स भी मिलेंगे। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों पर रहने वाले दबाव को कम करने के लिए जिले के राजकीय इंटर कॉलेजों में कॅरिअर काउंसिलिंग की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इसमें शिक्षक विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी करने के तरीके बताएंगे। साथ ही उन्हें तनावमुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करेंगे।
बोर्ड परीक्षा के नजदीक आते ही विद्यार्थियों पर अच्छे अंक लाने का दबाव बढ़ने लगता है। इसे देखते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। शिक्षक उन्हें समय का सही प्रबंधन करने, नियमित पढ़ाई करने और कठिन विषयों की तैयारी के तरीके बताएंगे। इसके अलावा परीक्षा के दौरान घबराहट से बचने और आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए भी जरूरी सुझाव दिए जाएंगे।
वहीं, इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर काउंसिलिंग विशेष रूप से उपयोगी होगी। 12वीं के बाद कौन सा पाठ्यक्रम चुनें, उच्च शिक्षा के लिए किन संस्थानों में प्रवेश लिया जा सकता है और रोजगार के लिहाज से कौन से क्षेत्र बेहतर हैं। इसकी जानकारी दी जाएगी। राजकीय इंटर कॉलेज बिजनौर के प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह एवं प्रवक्ता व राजकीय पुस्तकालय के प्रभारी अनंशु माहेश्वरी का कहना है कि इस पहल से बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहने के टिप्स उनके बहुत सही रहेंगे। छात्र बिना तनाव के पढ़ाई कर अच्छे अंक पाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें आगे की पढ़ाई के विकल्पों से भी परिचित कराया जाएगा।
- वर्जन
जिला विद्यालय निरीक्षक डीके सक्सेना ने बताया कि इस व्यवस्था के शुरू होने से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ भविष्य की दिशा तय करने में भी मदद मिलेगी। शिक्षकों के माध्यम से उन्हें सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की योजना है।