बीआरसी पर शिक्षकों ने किया धरना-प्रदर्शन
बिजनौर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने जिले के सभी बीआरसी केंद्रों पर धरना-प्रदर्शन किया। मुख्य सचिव के नाम 21 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया।
विकास क्षेत्र मोहम्मदपुर देवमल में ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद चौधरी, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में शिक्षक बीआरसी जमालपुर पठानी में एकत्र हुए और धरना प्रदर्शन किया। अरविंद चौधरी ने कहा कि लंबे समय से शिक्षकों की मांग लंबित हैं। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद रिक्त पड़े हैं जिन्हें जल्द भरा जाना चाहिए। रसोइयों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाया जाना चाहिए। खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार को 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। पुरानी पेंशन बहाल करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने, छात्रों के बैठने के लिए फर्नीचर बिजली के पंखे ,पेयजल व्यवस्था और स्कूल की चारदीवारी की व्यवस्था कराने, प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाध्यापक, लिपिक ,सफाई कर्मचारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, चौकीदार की नियुक्ति करने, अंतरजनपदीय तबादले करने, संविलियन का आदेश निरस्त करने, ऑनलाइन कार्यों के नाम पर शिक्षकों का शोषण बंद करने, न्यूनतम मूल वेतन की विसंगतियां दूर करने की मांग की गई। धरने का संचालन कामेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान वरिष्ठ शिक्षक नेता सरदार हरवंत सिंह, ब्लॉक मंत्री रिजवान अहमद, डायरेक्टर अनीता रानी, सूचित मलिक, संकेत सिंह, मोनिका, सरफराज, अमित चौधरी, भूपेंद्र सिंह, जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राहुल राठी आदि मौजूद रहे।