शिक्षकों ने बीएसए को गिनाईं विद्यालयों की समस्याएं
बिजनौर। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने बीएसए से मिलकर विद्यालय में छात्र संख्या के अनुसार रसोइयां, कमरों एवं शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही ग्रीष्मावकाश में शिक्षकों से कोई भी कार्य न लेने की संबंध में कहा गया।
शिक्षकों ने विद्यालय खुलने से पहले अनेक कमियों को दूर करने के संबंध में बीएसए से चर्चा की। शिक्षकों ने बताया कि जिले के अनेक विद्यालयों में नामांकन बढ़ा, लेकिन कमरे किताबें व पर्याप्त शिक्षक नहीं है। बीएसए ने शिक्षकों को पर्याप्त कमरों की व्यवस्था करने का पूर्ण आश्वासन दिया। किताबों के संबंध में पुरानी पुस्तकों से ही फिलहाल कार्य चलाने की बात कही। अगस्त से पहले किताबें मिलना संभव नहीं है। डीबीटी, एमडीएम कॉस्ट ट्रांसफर में डाटा बार-बार भरवाने पर प्रतिनिधिमंडल ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
ग्रीष्मावकाश में कार्य न करने और यदि किन्हीं परिस्थितियों में किया जाता है तो उपार्जित अवकाश देने की बात रखी। उपार्जित अवकाश व वरिष्ठता सूची के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को तुरंत निर्देशित करने की भी मांग की। प्रतिनिधिमंडल में नौबहार सिंह, मदनपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, गुलशन गुप्ता, अजहर जमाल, रोहिताश कुमार, कृष्ण देव आर्य, राम अवतार सिंह, शिवनाथ सिंह आदि उपस्थित रहे।