शिक्षिका शैली शर्मा के प्रयास लाए रंग
बिजनौर। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में शिक्षकों को शासन की ओर से मिल रही शिक्षक डायरी में गांव रतनपुर रियाया के जूनियर हाई स्कूल को स्थान मिला है। शिक्षिका शैली शर्मा के प्रयास से स्कूल की लाइब्रेरी में बच्चों के किताब पढ़ते हुए फोटो ‘आहा किताबें इतनी सारी, चलो पढे़ं, सब हैं हमारी’। नाम से प्रकाशित किया गया। इसे लेकर जिले के शिक्षक खुश हैं। शिक्षिका शैली शर्मा आए दिन स्कूल में नवाचार करती रहती है।
बेसिक शिक्षा विभाग के प्राइमरी व जूनियर हाई स्कूल के शिक्षकों को शासन की ओर से शिक्षक डायरी उपलब्ध कराई गई है। शिक्षक डायरी के पृष्ठ संख्या 24 पर ‘आहा किताबें इतनी सारी, चलो पढे़ं, सब हैं हमारी’। शीर्षक से फोटो छपी है। यह फोटो ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रतनपुर रियाया के जूनियर हाई स्कूल का है। स्कूल में बच्चे विद्यालय में बनी लाइब्रेरी में बैठ कर पुस्तकें पढ़ रहे हैं।
इस फोटो शिक्षिका शैली शर्मा ने बच्चों के सामने काफी सारी पुस्तकें रख कर उन्हें मन पसंद पुस्तकें पढ़ने को कहा था। ताकि बच्चे पुस्तकें पढ़ने में रुचि ले सकें। साथ ही अन्य शिक्षकों को शिक्षक डायरी के उद्देश्य, दस्तावेजीकरण, विषय की समीक्षा करने आदि के लिए प्रेरित करने का प्रयास भी किया गया है। शिक्षिका शैली शर्मा के प्रयास की अन्य शिक्षक भी सराहना करते हैं। शैली ने स्कूल में मीना मंच का गठन भी किया है। इसकी वह स्वयं सुगमकर्ता भी हैं। स्टेट रिसोर्स पर्सन दुष्यंत कुमार ने बताया कि स्कूल रतनपुर रियाया के बच्चों का फोटो प्रकाशित होने से जिले के अन्य शिक्षकों में नई ऊर्जा के संचार होगा। शिक्षिका मधु रानी, मोहम्मद तारिक अलीम, पंकज कुमार, संकुल शिक्षक धर्म सिंह, लोकेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूलों में अब नवाचार करने की होड़ बढ़ेगी।