बेगावाला। ईंट से भरी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। स्कूल में शोक जताकर अवकाश कर दिया गया।
कोतवाली शहर क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी 45 वर्षीय नरेश कुमार किसान इंटर कॉलेज मंडावली में गणित के अध्यापक थे। वे रोज आवास से ही बाइक से स्कूल आते जाते थे। मंगलवार को भी वे रोज की तरह बाइक से स्कूल जा रहे थे। रावली रोड पर गांव रहमापुर के पास वे पीछे से आई ईंट से भरी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गए। बुरी तरह घायल हुए नरेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक व उसके साथी ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। प्रधानाचार्या डॉ. सुनीति त्यागी व अन्य स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा। हादसे के बारे में पुलिस व मृतक के परिजनों को भी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मृतक शिक्षकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस ने कब्जे में लेकर बेगावाला चौकी में खड़ा कर लिया है। कुछ लोगों का कहना है कि बारिश की वजह से हुए कीचड़ की वजह से शिक्षक की बाइक फिसल गई और ट्रैक्टर ट्राली के सामने गिर गई। ट्रैक्टर चालक के ब्रेक लगाने से पहले ही हादसा हो गया। स्कूल के ही शिक्षक इंद्रमणि द्वारा इस मामले में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।