‘कोविड अस्पताल की व्यवस्था का पूरा ध्यान रखें’
बिजनौर। डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में स्थापित कोविड एल-1 अस्पताल को सुव्यवस्थित रूप से संचालित रखने के लिए प्रबंध तंत्र को सुदृढ़ करें। हॉस्पिटल भवन में कम से कम 100 बेड की व्यवस्था करना भी सुनिश्चित करें। साथ ही अस्पताल की सफाई का कार्य प्रशिक्षित सफाई कार्मिकों द्वारा ही कराया जाए। डीएम ने एसपी को निर्देशित किया कि घर से बाहर बेवजह घूमने और बिना मास्क तथा कोविड की गाइड लाइन पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
मंगलवार को डीएम रमाकांत पांडेय कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित कोविड-19 से संबंधित समीक्षा बैठक लेकर संबंधित अफसरों को निर्देशित किया। डीएम के अनुसार जिले में सोमवार तक डेढ़ लाख से ज्यादा घरों का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है। इस दौरान बुखार, खांसी तथा सांस रोग से पीड़ित जो मरीज चिह्नित हुए हैं, उनकी तत्काल जांच कराना सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्र की टीमों के पास पल्स ऑक्सीमीटर तथा इंफ्रारेड थर्मामीटर, थर्मल स्क्रीनिंग आदि उपकरणों की कमी पाए जाने पर उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि तत्काल प्रभाव से संबंधित उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। सर्वेक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की कोई बाधा उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एक भी घर सर्वेक्षण कार्य से बचा न रहने पाए। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, सीएमओ डा. विजय कुमार यादव के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।