सर्दी में गोवंश के खानपान का रखें ध्यान : डीएम
बिजनौर। भयंकर सर्दी और शीतलहर को देखते हुए डीएम उमेश मिश्रा ने गो आश्रय स्थलों में गोवंश के भरण पोषण के लिए निर्देश जारी किए हैं। किसी भी गोवंश की ठंड या भूख से मौत होने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीएम ने अपने निर्देश में कहा है कि वर्तमान में सर्दी का प्रकोप उच्च स्तर पर है। ऐसे में गोवंश को सर्दी से बचाने के लिए उनके खानपान का ध्यान रखा जाना बहुत जरूरी है। डीएम के अनुसार सभी गो आश्रय स्थलों को तिरपाल से कवर करने और गोवंश को झूल पहनाने, भूसा, हरा चारा व चोकर पर्याप्त मात्रा में देने, आश्रय स्थल में जलभराव न होने देने, किसी भी हालत में रात में गोवंश को शेड से बाहर न रखने, ताजा पानी पिलाने और रात में पानी स्टोर न करने, बीमार गोवंश का उपचार कराने, गोवंश की मौत होने पर उसके शव को नियमानुसार डिस्पोजल करना है। उन्होंने अफसरों से इन काम के फोटो व वीडियो बनाकर उन्हें प्रेषित करने के भी निर्देश दिए हैं।