अप्रैल में बुक सिलिंडर सात मई तक लें
बिजनौर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में कनेक्शन लेने वाले हजारों उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने घोषणा की है। अप्रैल में गैस बुक करके रीफिल न लेने वाले उपभोक्ता सात मई तक रीफिल ले सकते हैं। इनकी गैस का रीफिल अप्रैल में ही गिना जाएगा। इन लोगों को मई व जून में भी सिलेंडर लेने के लिए खातों में पैसे मिलेंगे।
जिले में 95 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं ने अप्रैल में सिलेंडर नहीं लिया था। जिले में दो लाख 87 हजार 981 महिलाओं ने योजना में गैस कनेक्शन लिया। इन सभी के खातों में रुपये भेजे गए। अप्रैल का रुपया खातों में आ गया और मई व जून तीन माह में किसानों के खातों में एक एक गैस रीफिल खरीदने के लिए रुपये मिलने हैं। योजना में यह शर्त रखी गई थी कि जो भी अप्रैल में गैस रीफिल नहीं लेगा उसे मई में गैस रीफिल लेने के लिए रुपये नहीं मिलेंगे। जिले में भी एक लाख 92 हजार 167 उपभोक्ताओं ने ही अप्रैल में सिलिंडर लिया है। 95 हजार 814 उपभोक्ताओं ने गैस नहीं ली।
अब जिन उपभोक्ताओं ने 20 से 30 अप्रैल के बीच गैस बुक कर दिया था वे अगर सात मई तक गैस ले लेंगे तो यह रीफिल अप्रैल में गिना जाएगा। बाकी दो महीनों के रुपये भी उपभोक्ताओं के खातों में आ जाएंगे। कुच्छल इंडेन सेवा गैस एजेंसी के मालिक मनोज कुच्छल ने इसकी पुष्टि की है।