-पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी, पुलिस ने की जांच शुरू
नूरपुर। पुलिस ने 24 प्रतिशत वार्षिक ब्याज का लालच देकर 90 हजार रुपये हड़पने के आरोप में पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला गांव मंडोरा निवासी गौतम कुमार की तहरीर पर दर्ज किया गया है।
गौतम कुमार ने पुलिस को बताया कि स्थानीय निवासी शाहिद और दिलशाद ने ''रॉयल फंड'' के नाम से पैसे जमा करने की एक संस्था बनाई थी। आरोप है कि दोनों ने उसे विश्वास दिलाया कि संस्था में मासिक या दैनिक रूप से रकम जमा करने पर मूलधन पर 24 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया था कि जमा की गई रकम को व्यापार में लगाया जाता है। पीड़ित के अनुसार, 22 अगस्त 2023 को संस्था में उसका खाता खोला गया था। उसे स्टांपयुक्त और मुद्रित पासबुक भी दी गई थी। गौतम कुमार ने अलग-अलग किस्तों में कुल 90 हजार रुपये जमा किए। लेकिन समय बीतने के बाद भी उसे न तो ब्याज मिला और न ही मूलधन वापस किया गया।
क्षेत्राधिकारी देश दीपक ने इस मामले पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोपी पिता-पुत्र के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।