नगीना (बिजनौर)। थानाक्षेत्र के एक गांव में अनैतिक संबंधों के शक में एक युवक ने पत्नी के सिर पर उस्तरा चलाकर उसे गंजा कर दिया। इसके बाद पेट्रोल छिड़कर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। परिवार वालों ने फोन करके पुलिस बुला ली। तब कहीं जाकर महिला की जान बची। पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो महिला थाने पहुंच गई और आरोपी के पक्ष में उतर आई। पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग की आशंका में चालान किया है।
घटना बुधवार रात 11 बजे की है। पीड़ित महिला ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके पति को शक है कि वह किसी दूसरे व्यक्ति से बात करती है। बुधवार रात शक के कारण पति ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसो से पिटाई की।
इसके बाद आरोपी उस्तरा उठा लाया और जबरन उसके सिर के बाल काट दिए। गंजा करने के बाद उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश की। चीख पुकार सुनकर परिजन दौड़े और उन्होंने महिला को बचाते हुए पुलिस को सूचना दी।
बताया गया कि आरोपी नाई का काम करता है। आरोपी ने पत्नी को कुछ दिन पहले नजीबाबाद के एक होटल से दोस्त के संग निकलते हुए देख लिया था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ। पिछले चार-पांच दिनों से इसी बात को लेकर पति और पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार रात महिला फोन पर बात कर रही थी जिसे देखकर वह भड़क गया।
सीओ नगीना ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। अब महिला समझौता होने की बात कह रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था, जिसका शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया है।