किसान आंदोलन को दिया समर्थन
बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन तोमर की मासिक बैठक में दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन का समर्थन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों को शहीद का दर्जा दिलाने व 50-50 लाख रुपये का मुआवजा परिवार को दिलाने की मांग की गई।
गन्ना समिति कार्यालय पर आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह तोमर ने कहा कि यूनियन दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन का पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार से आंदोलन में मरने वाले किसानों को शहीद का दर्जा दिलाने, परिजनों को 50-50 लाख रुपये की धनराशि दिलाने तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने की मांग की। किसानों के हितों को ध्यान में नहीं रखा जा रहा। उन्होंने केंद्र सरकार से तीनों किसान बिलो को अविलंब वापस करने की मांग की। बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव भी पारित किए गए, जिसमें गन्ना मूल्य का दाम 450 प्रति क्विंटल के हिसाब से कराने, डीजल 40 प्रति लीटर उपलब्ध कराने, साठ साल से अधिक आयु के किसानों को मासिक पेंशन दिलाने तथा गन्ने की बकाया धनराशि का अविलंब भुगतान कराने की मांग की। बैठक में घरेलू गैस की कीमतों में बढ़ाई गई वृद्धि को अविलंब वापस करने की मांग की। इस मौके पर भूदेव प्रधान, ईश्वर सिंह, चंद्रवीर सिंह, विनय चिकारा, ललित चौहान, डॉ अरविंद चौहान, विजेंद्र सिंह, रकम सिंह सैनी, छत्रपाल सिंह, संजय सिंह, विशाल बालियान आदि ने विचार रखे।