जिले में 1679 कोरोना योद्धा प्रतिरक्षित
बिजनौर। जनपद में 35 बूथों पर अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धा स्वास्थ्य कर्मियों को एंटी कोविड वैक्सीन लगाकर प्रतिरक्षित किया गया। इस दौरान 23 बूथों पर उन स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज लगाई गई, जिन्हें 22 जनवरी को पहला टीका लगा था। इसके अलावा पूर्व के सत्रों में टीकाकरण कराने से छूटे स्वास्थ्य कर्मियों को 12 बूथों पर वैक्सीनेशन किया गया।
शुक्रवार को एंटी कोविड वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत जनपद में कुल 1679 स्वास्थ्य कर्मियों को प्रतिरक्षित किया गया। इस दौरान पूर्व में 22 जनवरी को प्रतिरक्षित हुए जिला अस्पताल के सीएमएस डा. ज्ञानचंद, नेत्र सर्जन डा. रजनीश कुमार शर्मा, ब्लड बैंक अधिकारी डा. संजय कुमार शंकर आदि विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित कई स्वास्थ्य कर्मियों को एंटी कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अशोक कुमार के अनुसार शुक्रवार को जनपद में 23 बूथों पर 1623 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी बार प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य था। इनमें से 1484 को प्रतिरक्षित किया गया। जबकि 12 बूथों पर 1500 स्वास्थ्य कर्मियों को पहली बार एंटी कोविड वैक्सीन लगाई जानी थी। इनमें से 195 ही टीका लगवाने आए।
जनपद में एंटी कोविड वैक्सीनेशन की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी। इसके बाद से लेकर अब तक 11 बार जिले भर में चले अभियान के तहत राजस्व विभाग, पुलिस, होमगार्ड, पालिकाकर्मी समेत फ्रंटलाइन वर्करों का टीकाकरण हो चुका है।